
रानीगंज के रानीसायर मोड़ स्थित टीबी अस्पताल के पास सोमवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब राष्ट्रीय राजमार्ग–19 पर चल रही एक सरकारी बस में अचानक भीषण आग लग गई। बस दुर्गापुर की ओर से आसनसोल जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रानीसायर मोड़ के पास बस से पहले धुआं निकलता देखा गया और कुछ ही पलों में आग की लपटें उठने लगीं। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए बस चालक ने तुरंत वाहन रोक दिया और स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थाना अंतर्गत पंजाबी मोड़ फाड़ी की पुलिस, रानीगंज ट्रैफिक पुलिस और दमकल विभाग की एक इंजन मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों की तत्पर कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग की वजह से बस को भारी नुकसान पहुंचा है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। तकनीकी जांच के बाद ही आग लगने की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के चलते कुछ समय तक इलाके में यातायात भी प्रभावित रहा।